उदयपुर में नशा तस्करों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भूपालपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज डोडा चूरा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में वांछित चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
यह कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बाबूलाल उर्फ फूफा उम्र 57 वर्ष, निवासी कीर खेड़ा, वल्लभनगर और अजय उम्र 30 वर्ष, निवासी बोहेड़ा, चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपी डोडा चूरा तस्करी से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी बाबूलाल उर्फ फूफा प्रतापनगर थाना क्षेत्र में दर्ज डोडा चूरा तस्करी के मामले में वांछित था। वहीं दूसरा आरोपी अजय सूरजपोल थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस को लंबे समय से तलाश था।
भूपालपुरा थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है।

अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में डोडा चूरा तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लायर और अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी लंबे समय से फरारी के दौरान कहां रह रहे थे और तस्करी के मामलों में उनकी क्या भूमिका थी।
नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इस कार्रवाई को भी इसी अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Pal Pal News Rajasthan पर देखिए उदयपुर और राजस्थान की हर बड़ी खबर।
