उदयपुर। पानेरियों की मादड़ी क्षेत्र में वाटर वर्क्स कार्यालय की करीब 8 फीट ऊंची जर्जर दीवार हादसे को न्योता दे रही है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त दीवार के बीच से पीपल का पेड़ निकल आया है, जिससे इसकी हालत और भी कमजोर हो गई है।
दीवार के ठीक बाहर पनघट होने के कारण यहां लोगों की दिनभर आवाजाही रहती है। पानी भरने के लिए आने वाले लोगों के अलावा राहगीर भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में दीवार के अचानक गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार वाटर वर्क्स विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने बताया कि दीवार लगातार कमजोर होती जा रही है और किसी भी समय इसका हिस्सा गिर सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने विभाग से मांग की है कि किसी अनहोनी से पहले दीवार की तत्काल मरम्मत कराई जाए या इसे सुरक्षित तरीके से हटाया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसे को टाला जा सकता है।

