
सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में श्रद्धालुओं से रुपए लेकर VIP दर्शन करवाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी और उसके साथी मंदिर में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के साथ मिलकर लोगों को 1000 रुपए लेकर दर्शन करवाते थे। यह गैंग लंबे समय से खाटू में एक्टिव थी। जो हजारों की संख्या में लोगों को VIP दर्शन करवा चुकी है।
सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- आरोपी हंसराज उर्फ टिंकू (26) पुत्र किशनाराम धानका निवासी लाडपुर को मंदिर के पास से शुक्रवार को पकड़ा। वहीं गैंग के 7 नामजद आरोपी फरार हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक आरोपी रुपए लेकर श्रद्धालुओं को VIP दर्शन करवा रहा है।
पुलिस ने आरोपी हंसराज से तीन मोबाइल जब्त किए हैं। मोबाइल में काफी संख्या में लोगों के रुपए भेजने के ट्रांजैक्शन मिले हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यदि मंदिर मैं तैनात कोई प्राइवेट गार्ड इनसे जुड़ा है तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा !
