उदयपुर शहर की फतहसागर झील में शुक्रवार शाम एक महिला के डूबने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। महिला को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल पानी में छलांग लगा दी और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम फतहसागर झील पर महिला अचानक पानी में डूबने लगी। महिला को डूबता देख मौके पर मौजूद दीनबंधु आशिया के साथ मोहम्मद अजहर, तहसीलदार रणजीत सिंह, डॉ. नरेंद्र सिंह देवल, बजरंग सिंह कविया और श्याम प्रताप सिंह ने तत्परता दिखाई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर महिला को बाहर निकाला गया। समय रहते महिला को पानी से बाहर निकाल लिए जाने से उसकी जान बच गई। घटना के दौरान फतहसागर झील पर मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते साहस और तत्परता नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दीनबंधु आशिया सहित सभी लोगों के इस मानवीय प्रयास की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। फतहसागर पर आए दिन बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में झील के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। शुक्रवार शाम हुई इस घटना में लोगों की तत्परता के चलते एक महिला की जान बच गई।

