
जोधपुर शहर में एक बुजुर्ग व्यक्ति को साइबर ठगों ने ई-चालान के बहाने फंसाकर करीब 18.60 लाख रुपए की ठगी का शिकार बनाया। ठगों ने APK फाइल डाउनलोड करवाकर बुजुर्ग के बैंक अकाउंट से पैसे उड़ा लिए। मामला चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में दर्ज किया गया है, जहां पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर ठगी
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 17E में रहने वाले 77 वर्षीय कमल चंद लुंकड़ ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि उनके मोबाइल पर ‘आरटीओ ई-चालान’ नाम से एक फाइल आई, जो डाउनलोड हो गई।
इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उनके अकाउंट से पैसे निकाल लिए गए। कमल चंद ने कहा कि 9 फरवरी को उन्हें अपनी बहन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद 10 फरवरी की सुबह वे पत्नी के साथ जयपुर रवाना हो गए।
बदमाशों ने 2 दिन में निकाले पैसे
ठगों ने इसी मौके का फायदा उठाया। 10 फरवरी को उनके अकाउंट से 5 लाख, 4 लाख और 1 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन किए गए। अगले दिन 11 फरवरी को फिर 5 लाख और 3.6 लाख रुपए निकाले गए। कुल मिलाकर दो दिनों में 18.60 लाख रुपए गायब हो गए। कमल चंद ने रिपोर्ट में कहा कि वे अस्पताल में बीमार बहन के पास थे, इसलिए मोबाइल पर आने वाले मैसेज पर ध्यान नहीं दे सके।
11 फरवरी की रात को जोधपुर लौटने के बाद 12 फरवरी को जब उन्होंने ईमेल चेक किया, तब अकाउंट से पैसे निकलने की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
