लोकसभा में हंगामे के बीच ‘VB-जी राम जी’ विधेयक पारित, शिवराज बोले- हम भेदभाव नहीं करते

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी लोकसभा में गुरुवार को इतिहास और सियासत का ऐसा टकराव देखने को मिला जिसने लोकतंत्र के गलियारों में हलचल मचा दी। 20 साल पुराने मनरेगा (MGNREGA) एक्ट की जगह लेने वाले नए ‘VB-जी राम जी’ (भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन) बिल पर सदन में उस समय संग्राम छिड़ गया जब विपक्ष ने इसके नाम और स्वरूप को लेकर मोर्चा खोल दिया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के 50 से ज्यादा सांसदों ने संसद परिसर में मार्च निकाला और बिल वापसी के नारे लगाए। सदन के भीतर भी माहौल इतना गर्माया कि विपक्षी सांसद वेल तक पहुंच गए और विरोध जताते हुए आसन की ओर कागज के टुकड़े उछाले। इस भारी हंगामे और शोर-शराबे के बीच कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के हर हमले का अपनी चिरपरिचित शैली में करारा जवाब दिया।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नाम रखने की सनक बीजेपी को नहीं बल्कि कांग्रेस को है। उन्होंने इतिहास के पन्ने पलटते हुए याद दिलाया कि मनरेगा का नाम पहले केवल ‘नरेगा’ था और 2009 के चुनावों को देखते हुए वोट की राजनीति के लिए इसमें ‘महात्मा गांधी’ का नाम जोड़ा गया था। चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर देश में दर्जनों योजनाएं, सड़कें और नेशनल पार्क चल रहे हैं, जबकि बीजेपी असल में गांधीजी के सिद्धांतों को मानती है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि गांधीजी ने तो आजादी के बाद कांग्रेस को भंग करने की सलाह दी थी, जिसे कभी नहीं माना गया। विपक्ष की उन मांगों को भी दरकिनार कर दिया गया जिसमें बिल को स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजने की बात कही गई थी।

सदन में इस बिल पर बुधवार को भी मैराथन बहस हुई थी, जो देर रात 1:35 बजे तक चली और जिसमें 98 सांसदों ने अपने विचार रखे थे। गुरुवार को भारी विरोध और हंगामे के बावजूद सरकार पीछे नहीं हटी और अंततः ‘VB-जी राम जी’ बिल को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक विधायी कार्य के पूरा होने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया। इस बिल के पास होने के साथ ही अब ग्रामीण रोजगार की दिशा में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है, जिसने पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी खाई को और चौड़ा कर दिया है।

Spread the love