विक्रम भट्ट दंपति की जेल में बढ़ी एक और रात, जज की छुट्टी से लगातार दूसरी बार टली जमानत पर सुनवाई

30 करोड़ की धोखाधड़ी में अब कल होगा फैसला

उदयपुर। बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को फिलहाल उदयपुर की सेंट्रल जेल की सलाखों के पीछे ही वक्त गुजारना होगा। मूवी बनाने के नाम पर 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोपी इस हाई-प्रोफाइल दंपति की जमानत याचिका पर सोमवार को सेशन कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन जज के छुट्टी पर होने के कारण मामला एक बार फिर टल गया। अब मंगलवार को एडीजे-3 कोर्ट में उनकी जमानत अर्जी पर दलीलें सुनी जाएंगी। यह लगातार दूसरा मौका है जब सुनवाई आगे बढ़ी है, इससे पहले शनिवार को भी जज के अवकाश पर होने से फाइल सोमवार के लिए टली थी।

एसीजेएम कोर्ट ने गवाहों के प्रभावित होने का जताया था डर

इससे पहले शुक्रवार को एसीजेएम कोर्ट-4 ने भट्ट दंपति की जमानत याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि आरोपी रसूखदार हैं और जमानत मिलने पर केस के गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया था कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-338 के तहत यह मामला गैर-जमानती श्रेणी में आता है। इसी फैसले को चुनौती देते हुए भट्ट के वकीलों ने सेशन कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

42 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट और 30 करोड़ का ‘धोखा’

मामले की जड़ में राजस्थान के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया और विक्रम भट्ट के बीच हुआ एक फिल्मी करार है। डॉ. मुर्डिया ने भट्ट के साथ फिल्म बनाने के लिए 42 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट किया था। आरोप है कि फिल्म बनाने के नाम पर करोड़ों रुपए डकारे गए लेकिन काम नहीं हुआ। धोखाधड़ी का एहसास होने पर 17 नवंबर को उदयपुर में विक्रम भट्ट समेत 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक भट्ट के को-प्रोड्यूसर महबूब अंसारी और फर्जी वेंडर संदीप को भी मुंबई से गिरफ्तार कर चुकी है।

हाईकोर्ट ने पुलिस की ‘जल्दबाजी’ पर मांगा है जवाब

7 दिसंबर को मुंबई स्थित उनके फ्लैट से गिरफ्तार हुए भट्ट दंपति 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस गिरफ्तारी को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बेंच ने कड़ा रुख अपनाया है। 9 दिसंबर को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने भट्ट की गिरफ्तारी में दिखाई गई ‘अति-उत्साही’ जल्दबाजी पर नाराजगी जताते हुए आईजी, एसपी और जांच अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए थे। अब शहर की नजरें मंगलवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं कि क्या फिल्म डायरेक्टर को कोर्ट से ‘कट’ मिलेगा या जेल की कहानी अभी और लंबी चलेगी।

Spread the love