पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
Udaipur News उदयपुर के हिरणमगरी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फायरिंग की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि 23 मार्च को ऋषिनगर, सेक्टर 3 निवासी चतर सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि सुबह 7:30 बजे जब उसकी पत्नी ने घर का फाटक खोला, तो सड़क पर एक मोटरसाइकिल पर दो युवक खड़े थे। उनमें से एक ने मास्क पहना हुआ था। उन्होंने उसकी पत्नी से चतर सिंह को बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही वह बाहर आया, मास्क पहने युवक ने पिस्टल से उस पर फायर कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभाष लौहार पुत्र मदनलाल निवासी डांगियों की पंचोली और रघुवीर सिंह उर्फ विशाल पुत्र शंभु सिंह निवासी मटून को सूरत-मुंबई हाईवे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि चतर सिंह, दलपत सिंह और उसके साथियों ने हाल ही में एक जमीन का सौदा किया था। बाद में विवाद होने पर सामने वाली पार्टी को रुपए लौटाने थे। चतर सिंह और उसके साथी तो पैसे लौटाने के लिए तैयार थे, लेकिन दलपत सिंह ने इससे इनकार कर दिया।
चतर सिंह द्वारा बार-बार पैसे लौटाने की बात कहने पर दलपत सिंह ने अपने भांजे रघुवीर सिंह देवड़ा उर्फ विशाल और पुराने साथी सुभाष लौहार को उसे डराने-धमकाने के लिए भेजा। इसी के चलते आरोपियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस अब इस मामले के मास्टरमाइंड दलपत सिंह की तलाश में जुटी है।