कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री डॉ. गिरिजा व्यास का दुखद निधन, मेवाड़ में शोक की लहर

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

उदयपुर। उदयपुर से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है। देश की जानी-मानी समाजसेविका, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार को दुखद निधन हो गया। वे 79 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि गणगौर पूजा के दौरान हुए एक हादसे में वे झुलस गई थीं। इसके बाद से वे अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थीं। लंबी चिकित्सा के बावजूद आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

डॉ. गिरिजा व्यास का जीवन राजनीति, साहित्य और समाजसेवा के प्रति समर्पित रहा। उदयपुर की माटी में जन्मी इस कर्मठ बेटी ने न केवल मेवाड़ बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे मेवाड़ अंचल में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों में गहरा दुःख व्याप्त है। उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक संगठनों ने इस अपूरणीय क्षति पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

डॉ. व्यास ने अपने जीवनकाल में नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। वे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं और कई बार लोकसभा व विधानसभा की सदस्य रहीं। उनकी विद्वता, सहजता और संघर्षशीलता सदैव स्मरणीय रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *