खाकी पहनने का सपना रह गया अधूरा, उदयपुर में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान युवक की हार्ट अटैक से मौत; अप्रैल में सजनी थी बारात

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के गांधी ग्राउंड में मंगलवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब सरकारी नौकरी का सपना लेकर दौड़ रहे एक होनहार युवक की जिंदगी की रफ्तार अचानक थम गई। होमगार्ड भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान बांसवाड़ा निवासी 27 वर्षीय नीलेश पाटीदार को दौड़ते समय अचानक हार्ट अटैक आया और वह दूसरे राउंड में जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्टाफ उसे तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नीलेश की कहानी किसी भी संघर्षशील युवा की तरह उम्मीदों से भरी थी। वह पिछले 2 साल से बांसवाड़ा के पाटीदार हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बीएड और बीएसटीसी जैसी डिग्रियां हासिल करने वाला नीलेश न केवल पढ़ाई में तेज था, बल्कि क्रिकेट का भी बेहतरीन खिलाड़ी था। उसके पिता मुंबई में चाय की दुकान चलाकर बेटे के सपनों को सींच रहे थे, जबकि बड़ा भाई कुवैत में मेहनत कर रहा था।

सबसे ज्यादा विचलित करने वाली बात यह है कि नीलेश की खुशियां अभी शुरू ही होने वाली थीं। कुछ महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी और अप्रैल 2027 में उसके घर शहनाई गूंजने वाली थी। परिवार जिस बेटे की बारात की तैयारी के सपने देख रहा था, बुधवार को उसी का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुँचा। हाथीपोल थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों और भर्ती परीक्षाओं के भारी तनाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love