मजदूर नेता की कार में तोड़फोड़ पर उबाल, रेलमगरा में भारी प्रदर्शन के बीच 8 दिन का अल्टीमेटम

राजसमंद। दरीबा खान में श्रमिक नेता प्रभु लाल जाट की कार में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला एक बार फिर गरमा गया है। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों और मजदूर संघ (इंटक) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रेलमगरा में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी चामुंडा माता मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रूप में उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था को संभालने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात रहा। तहसीलदार कालू सिंह राणा को सौंपे गए ज्ञापन में जिंक प्रशासन और पुलिस से फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

श्रमिक संगठनों ने आरोप लगाया कि 18 दिसंबर को प्लांट के अधिकारियों के बुलावे पर जब प्रभु लाल जाट मजदूरों को समझाने पहुंचे थे, तभी कुछ हथियारबंद युवकों ने प्लांट में घुसकर हमला कर दिया और उनकी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि प्लांट में अनधिकृत रूप से घुसने वालों पर कार्रवाई की जाए, श्रमिकों की सुरक्षा पुख्ता हो और मारपीट के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं। प्रशासन और डीएसपी शिप्रा राजावत से पांच दिनों के भीतर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कुछ गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और मामले की जांच जारी है।

Spread the love