
राजसमंद, पुलिस मुख्यालय जयपुर और उदयपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजसमंद साइबर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने साइबर ठगी में शामिल दो म्यूल खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक आमेटा (28) निवासी हाथीनाडा कांकरोली और लविश परियानी (25) निवासी कांकरोली शामिल हैं।
साइबर ठगी के लिए होता है म्यूल अकाउंट का उपयोग
पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के अनुसार देशभर में हो रही साइबर ठगी की वारदातों में ऐसे खातों का उपयोग किया जा रहा था। ठग लोग फर्जी खातों और म्यूल खातों के जरिए पीड़ितों से ठगी की राशि इकट्ठा कर रहे थे। राजसमंद साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने स्वयं के अलावा 13-14 परिचितों के नाम से बैंक खाते खुलवाए और इन्हें साइबर ठगों को ठगी की रकम जमा करवाने के लिए उपलब्ध कराया।
बाद में आरोपी इन खातों से नकद राशि निकालकर आगे पहुंचाते थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और पुलिस उप अधीक्षक किशोर सिंह भाटी के सुपरविजन में गठित टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को दबोचा।