
जयपुर । राजस्थान में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। इसके असर के चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में मेघगर्जन के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार शाम को प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बिगड़ा, कई जिलों में बारिश हुई। नागौर जिले में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। नागौर के अलावा सीकर, पाली, श्रीगंगानगर और डीडवाना-कुचामन में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर, बीकानेर और अजमेर में देर रात हल्की बूंदाबादी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में भी कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। IMD ने राजस्थान के 29 जिलों में झमाझम बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में चलेगी तेज हवाएं
राजस्थान में बारिश के बाद आज प्रदेश के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सीकर, जयपुर, दौसा, चूरू, झुन्झनू, टोंक, अलवर, अजमेर जिले और आस-पास के क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश व आकाशीय बिजली के गिरने की संभावना है। इसी के साथ ही कहीं-कहीं पर 30-40 KMPH की गति से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
इन शहरों में बारिश को लेकर संभावनाएं
मौसम विभाग की ओर से जारी येलो अलर्ट के अनुसार 21 जिलों में आ भी बारिश की संभावनाएं जताई जा रही है। प्रदेश के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, नागौर, पाली, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, भरतपुर, करौली, बूंदी, बारां, कोटा, सवाई माधोपुर, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, कोटपूतली जिले और आस-पास के क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावाना है। इसके साथ आकाशीय बिजली गरजने और तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
