चित्तौड़गढ़ में प्रसूता की डिलीवरी के बाद अस्पताल में मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

पल पल राजस्थान

चित्तौडग़ढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के नेतावल महाराज ग्राम पंचायत के पांचली गांव की 19 वर्षीय कोमल गुर्जर की महिला एवं बाल चिकित्सालय में डिलीवरी के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, और उन्होंने अस्पताल कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही और जबरन पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका के परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह कोमल को जिला महिला एवं बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उसे लेबर पेन हुआ। परिजनों के अनुसार, नॉर्मल डिलीवरी के लिए तैनात डॉक्टर निर्मला मेघवाल ने उनसे सहयोग राशि की मांग की। जब परिजनों ने राशि देने से इनकार किया, तो डॉक्टर ने ऑपरेशन से डिलीवरी करने की बात कही। इसके बाद दोपहर में ऑपरेशन कर कोमल की डिलीवरी करवाई गई, जिसमें उसने एक बेटी को जन्म दिया।

डिलीवरी के बाद कोमल की हालत बिगड़ने लगी और ज्यादा ब्लीडिंग के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो गई। परिजनों के मुताबिक, इलाज में लापरवाही के चलते कोमल की मौत हो गई। इसके बाद, परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारियों पर जबरन पैसे मांगने का आरोप भी लगाया है।

इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। परिजनों ने अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय एडवोकेट ओम प्रकाश शर्मा ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चिकित्सालय प्रशासन इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से बचता नजर आ रहा है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Spread the love