
लेकसिटी में इस बार होली और चार दिन के लॉन्ग वीकेंड ने टूरिज्म इंडस्ट्री को नई रफ्तार दे दी है। शनिवार-रविवार की छुट्टियों के साथ सोमवार को धुलंडी होने से देशभर से पर्यटकों का जबरदस्त रुख उदयपुर की ओर है। शुक्रवार शाम से ही सैलानियों की आमद शुरू हो गई, जो सोमवार तक और तेज रहने की संभावना है।
शहर के होटल, विला और हाईवे स्थित रिसॉर्ट्स में 60 से 70 प्रतिशत तक कमरे बुक हो चुके हैं। उदयपुर में 900 से अधिक होटल-रिसॉर्ट्स और 550 से ज्यादा होमस्टे व गेस्ट हाउस हैं, जिनमें तेज बुकिंग दर्ज की जा रही है। सबसे ज्यादा पर्यटक गुजरात और महाराष्ट्र से पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक यहां दो-तीन दिन रुककर आगे श्रीनाथजी के दर्शन के लिए भी रवाना होते हैं, जिससे धार्मिक और पर्यटन दोनों गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
इस बार साउथ इंडिया, खासकर बेंगलुरु में कार्यरत प्रोफेशनल्स भी वीकेंड का लाभ उठाकर उदयपुर पहुंचे हैं। कई कॉर्पोरेट ग्रुप्स और वेडिंग टूरिस्ट्स ने तीन से चार दिन के स्टे के लिए बुकिंग करवाई है। वहीं शहर के स्थानीय लोग भी घरों के बजाय रिसॉर्ट्स में धुलंडी मनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे पूल पार्टी और फेस्टिव पैकेज की मांग बढ़ी है।
रिसॉर्ट्स ने ब्रेकफास्ट, लंच-डिनर और स्विमिंग पूल एक्सेस सहित विशेष पैकेज लॉन्च किए हैं। वर्तमान ट्रेंड में रिसॉर्ट्स में एक कमरे का किराया 4 हजार से 8 हजार रुपए तक चल रहा है, जबकि ग्रुप बुकिंग में प्रति व्यक्ति करीब 1000 रुपए का पैकेज तय किया गया है। होटल एसोसिएशन का मानना है कि होली और लॉन्ग वीकेंड के कारण डोमेस्टिक टूरिज्म में बड़ा उछाल आया है, जो शहर की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।
