नीले ड्रम वाली मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया:पति के बर्थडे पर हुई डिलीवरी; मेरठ में ससुराल वाले बोले- बच्चे का DNA टेस्ट कराएंगे

नीले ड्रम में पति की लाश सीमेंट से दफन करने वाली मुस्कान रस्तोगी ने बेटी को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने 24 नवंबर की शाम 6.50 बजे नॉर्मल डिलीवरी कराई। खास बात यह है कि मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या में जेल में बंद है, उसका जन्म भी 24 नवंबर को ही हुआ था।

यह मुस्कान की दूसरी बेटी है। बड़ी बेटी पीहू अपने नाना-नानी के साथ रहती है। 23 नवंबर की रात मुस्कान का जेल के डॉक्टरों ने चेकअप किया। फिर अल्ट्रासाउंड के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया- मुस्कान को मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया था। HOD डॉ. शगुन ने बताया कि मुस्कान के बेबी का वजन ढाई किलो है। उसका पहला बेबी भी नॉर्मल हुआ था। इसलिए हमारा प्रयास था कि दूसरा बेबी भी नॉर्मल कराया जाए। 5 डॉक्टरों की टीम ने मुस्कान की नॉर्मल डिलीवरी कराई।

मुस्कान अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के जुर्म में 19 मार्च, 2025 को बॉयफ्रेंड साहिल के साथ गिरफ्तार की गई थी। जिस समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, वह डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह बच्चा किसका है- पति सौरभ का या बॉयफ्रेंड साहिल का।

Spread the love