जयपुर में नमाज के दौरान मस्जिद की दीवार गिरी,:मलबे में 15 लोग दबे, 6 की हालत गंभीर, पुलिस ने युवकों को निकाला

जयपुर के फिरदौस मस्जिद में नमाज के दौरान दीवार गिरने से 15 युवक मलबे के नीचे दब गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ।

सूचना पर भट्टा बस्ती थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव कार्य शुरू किया। सभी 15 युवकों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया।

गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को SMS अस्पताल रेफर किया गया। इनमें रुस्तम (40), ईशान (34), खुर्शीद (25), सुहैल (25), इमाम जफर (20) और इकबाल (18) शामिल हैं।

पानीपेच के रहने वाली कन्या (18) ने कहा- मैं मस्जिद में बैठे थे, तभी अचानक ऊपर से दीवार गिर गई। इसी समय मस्जिद में बहुत सारे लोग नमाज पढ़ रहे थे। हादसे में मेरी पीठ और कमर में चोट आई है।

एक घायल का सिर फटा

कंवटिया हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ. आर.एस. तंवर ने बताया- हादसे के बाद 15 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। घायलों में से छह को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत SMS अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक घायल के सिर में चोट लगी थी, जिसका टांके लगाकर इलाज किया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

दीवार पर बैठे थे बच्चे

प्रत्यक्षदर्शी फैजान ने कहा- मैं नमाज पढ़कर बाहर आ रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे दीवार के पास खड़े थे। कुछ महिलाएं नीचे बैठी हुई थीं। अचानक दीवार का आधा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे बच्चे और महिलाएं मलबे में दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर भगदड़ नहीं मची, बल्कि सभी लोग घायलों को मलबे से बाहर निकालने में जुट गए। इस दौरान मस्जिद में लगभग एक हजार लोग मौजूद थे।

Spread the love