MLA फंड घोटाला- बलजीत यादव बोले,भाजपा विधायक मुझे फंसाना चाहता:कोर्ट में ED की दलील- फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का फंड हड़पा; कोर्ट ने 3 दिन के रिमांड पर भेजा

बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज जयपुर स्थित विशिष्ट न्यायालय CBI संख्या तीन में पेश किया। ईडी अधिकारियों ने कोर्ट से यादव का रिमांड मांगा है।

वहीं बलजीत यादव के वकीलों ने इसका विरोध किया। जज खगेंद्र कुमार शर्मा ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने बलजीत यादव को 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया। अब अगली पेशी 7 फरवरी को होगी।

क्षेत्र विकास निधि से करोड़ों के गबन का आरोप

पूर्व विधायक पर स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA LAD Fund) से 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि के दुरुपयोग और गबन का आरोप है। ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है।

ईडी ने मंगलवार रात अलवर के शाहजहांपुर टोल प्लाजा (दिल्ली-जयपुर हाईवे पर NHAI ऑफिस के पास) से मंगलवार रात पूर्व विधायक बलजीत यादव को हिरासत में लिया था। इसके बाद पूछताछ के लिए जयपुर स्थित ईडी ऑफिस लाया गया था। यहां पूछताछ के बाद बलजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था।

कोर्ट में वकीलों का तर्क

कोर्ट ने पूछा- क्या मामले पंचायत समिति के लोगों को अभियुक्त बनाया, क्या उस व्यक्ति को अभियुक्त बनाया, जिसके खाते में पैसा गया?

बलजीत यादव के वकीलों ने कहा- जिस फर्म के पास पैसे आने की बात कही जा रही है। उस व्यक्ति से बलजीत यादव का संपत्ति विवाद पहले से है। टेंडर अखबार में प्रकाशित करवाए गए थे।

प्रक्रिया के मुताबिक- पंचायत समिति की ओर से टेंडर प्रकाशित करवाए गए, उसमें बलजीत का कोई लेना-देना नहीं है। ED के दावे पूरी तरह से गलत है। वकीलों ने कहा- ‘अगर बलजीत यादव भाजपा जॉइन करता तो कार्रवाई नही होती।’

हमने हर जवाब में ED को लिखा था, जब भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा वे आएंगे, उसके बावजूद बलजीत यादव इस तरह गिरफ्तार किया गया, जो इलीगल है। वकीलों ने रिमांड का विरोध किया।

ED ने 6 दिन का रिमांड मांगा

ईडी के वकीलों ने आरोप लगाया कि बलजीत ने खुद फर्जी फर्म बनवाकर फंड डायवर्ट किया। ईडी ने मामले में आगे पूछताछ के लिए 6 दिन का रिमांड मांगा।

ED पूर्व विधायक बलजीत यादव को आज दोपहर 12:20 पर कोर्ट लेकर पहुंची थी। शाम 4:50 तक सुनवाई चली। करीब 5 घंटे की सुनवाई के बाद बलजीत यादव को रिमांड पर भेजा गया।

Spread the love