
अजमेर की क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में एक कार से बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये नगदी, आईफोन मोबाइल, सोने का ब्रेसलेट और डायमंड अंगूठी सहित अन्य दस्तावेज थे।
चोरों ने कार का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। मामले में कार मलिक की ओर से क्रिश्चियन गंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार एआरजी सिटी निवासी तेजपाल सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पीड़ित ने शिकायत देकर बताया कि 18 जनवरी को वह अपनी कार लेकर सिने मॉल में खरीदारी करने के लिए गया था। कार के अंदर एक बैग रखा हुआ था।
पीड़ित ने बताया कि बैग के अंदर डेढ़ लाख रुपये नगदी, एक आईफोन 15 मोबाइल, सोने का ब्रेसलेट और एक तोला डायमंड अंगूठी के साथ अन्य दस्तावेज थे। करीब 20 मिनट बाद वापस पहुंचा तो कार का पीछे का शीशा टूटा हुआ था। कार से बैग भी चोरी हो गया था। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
