गौरव वल्लभ का डोटासरा पर तीखा प्रहार, ‘वे चीयर लीडर्स के पुरुष वर्जन हैं, जल्द छि‍न जाएगी अध्यक्ष की कुर्सी’

उदयपुर। भारतीय भाजपा नेता और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य प्रो. गौरव वल्लभ ने राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उदयपुर प्रवास के दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए वल्लभ ने डोटासरा की तुलना ‘चीयर लीडर्स’ से कर डाली और दावा किया कि उनकी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी बहुत जल्द जाने वाली है। डोटासरा के उस बयान पर पलटवार करते हुए, जिसमें उन्होंने भाजपा के सूपड़ा साफ होने की बात कही थी, गौरव वल्लभ ने कहा कि भाजपा पंचायती राज चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी के आंतरिक सर्वे के अनुसार राजस्थान में भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करने जा रही है।

गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों को प्रो. वल्लभ ने महज एक ‘सियासी प्रोपेगंडा’ करार दिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि विपक्षी दल एक भी ऐसा व्यक्ति दिखा दें जिसने बुकिंग कराई हो और उसे सिलेंडर न मिला हो। उन्होंने उल्टा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी नेताओं के घरों से 55-55 सिलेंडर बरामद हो रहे हैं, जिस पर उन्हें जवाब देना चाहिए। वल्लभ ने स्पष्ट किया कि देश में गैस का कोई संकट नहीं है, बल्कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए प्रो. वल्लभ ने गर्व से कहा कि आज ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ जैसे तनावपूर्ण इलाकों में जहां दुनिया भर के जहाज फंसे हैं, वहां भारतीय तिरंगा लगे जहाजों को ससम्मान निकलने दिया जा रहा है। यह 144 करोड़ भारतीयों की ताकत और मोदी सरकार की मजबूत विदेश नीति का परिणाम है। वहीं, पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों पर हुंकार भरते हुए उन्होंने कहा कि वहां ‘4 मई, बंगाल से टीएमसी गई’ का नारा घर-घर गूंज रहा है। उन्होंने कम्युनिस्ट, कांग्रेस और टीएमसी को बंगाल की बर्बादी का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इन तीनों ने मिलकर बंगाल के औद्योगिक ढांचे को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है।

Spread the love