राजस्थान से मध्य प्रदेश जा रहे थे 4 युवकों की झालावाड़ में मौत, सभी बाइक से मंदसौर जा रहे थे

राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार चारों व्यक्ति राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल शवों को चौमहला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों में से तीन की पहचान दस्तावेजों के आधार पर हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। हादसा गंगधार थाना क्षेत्र में शाम करीब 7:30 बजे हुआ।
एक ही बाइक पर सवार थे चारों युवक
डग-चौमहला रोड पर करनपुरा गांव के पास बोलेरो और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बाइक पर चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक डग की तरफ से गंगधार की ओर जा रही थी, जबकि बोलेरो गंगधार से डग की तरफ आ रही थी। इसी दौरान करनपुरा गांव के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए, जिससे चारों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई
बैग में मिले दस्तावेज से तीन की पहचान

जांच के दौरान मृतकों के पास मिले बैग से तीन आधार कार्ड बरामद हुए। इनके आधार पर तीन व्यक्तियों की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के निवासियों के रूप में की गई है। मृतकों में राजपाल पुत्र परबत सिंह निवासी झांगरिया गांव थाना सीतामऊ, जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र निवासी झांगरिया गांव थाना सीतामऊ तथा नरेश पुत्र कालूलाल निवासी उदयपुर गांव शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है, क्योंकि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी

पुलिस अधिकारियों ने आधार कार्ड में दर्ज पते के अनुसार परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दे दी है। परिजन चौमहला पहुंचने के बाद ही मृतकों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।

Spread the love