सफाई व्यवस्था को लेकर पूर्व पार्षद आमरण अनशन पर बैठीं:कहा-वार्ड में 22 में से सिर्फ 12 सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर, पहाड़गंज से नागौरी गेट तक कचरे के ढेर

जोधपुर नगर निगम की पूर्व पार्षद खेरून सोलंकी सफाई व्यवस्था को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। बीजेपी की पूर्व पार्षद सोलंकी का कहा- उनके वार्ड में लगभग आधे सफाई कर्मचारी ड्यूटी से गायब रहते हैं, जिसके कारण वार्ड में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

निगम आयुक्त के कमरे के बाहर आमरण अनशन पर बैठी सोलंकी ने बताया- वार्ड नंबर 87 में नागोरी गेट से लेकर पहाड़गंज कॉलोनी तक पूरे वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। वार्ड में कुल 22 सफाई कर्मचारी हैं, लेकिन केवल 12 ही काम पर आ रहे हैं।

सोलंकी ने आरोप लगाया- सीवर लाइन का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और इस समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने वार्ड के प्रभारी पर भी कार्य नहीं करवाने का आरोप लगाया है। सोलंकी ने कहा कि इससे पहले जोधपुर के विधायक को भी इस मुद्दे पर धरने पर बैठना पड़ा था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

सोलंकी ने कहा- पूरे शहर में गंदगी फैली हुई है और अधिकारी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। पहले भी आमरण अनशन किया था, तब निगम आयुक्त ने वार्ड सफाई प्रभारी को बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह केवल एक वादा ही साबित हुआ।

इसलिए मैं आज फिर से आमरण अनशन पर बैठी हूं। जब तक वार्ड सफाई प्रभारी को नहीं हटाया जाएगा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, तब तक मेरा आमरण अनशन जारी रहेगा।

सोलंकी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को सफाई व्यवस्था से कोई मतलब नहीं है और उन्होंने पूरी सफाई व्यवस्था को बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वह अपना अनशन जारी रखेंगी।

Spread the love