इंजीनियरिंग छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी भावुक बात

पल पल राजस्थान

जयपुर। जयपुर में एक बीटेक के छात्र ने होटल में ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र बिहार का रहने वाला था और जयपुर के जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में बीटेक सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था।

घटना जयपुर के विधायकपुरी थाना क्षेत्र की है, जहां चूरू होटल में ठहरा एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। जब होटल स्टाफ सुबह चाय देने पहुंचा और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने होटल मैनेजर को सूचना दी। दूसरी चाबी से दरवाजा खोला गया, तो युवक का शव कमरे में ज़मीन पर पड़ा मिला।

मृतक की पहचान सत्यम कुमार सिंह पुत्र सत्येन्द्र किशोर सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के मोतिहारी, पूर्वी चंपारण का रहने वाला था। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने लिखा—
“मां मुझे माफ करना, मैं आपका काबिल बेटा नहीं बन पाया। मैं किसी के लालच में आ गया था और 4 लाख रुपए उन लोगों को ट्रांसफर कर दिए।”

विधायकपुरी थाना सीआई बीएल मीणा ने बताया कि होटल से सुबह सूचना मिली थी कि एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को युवक का मोबाइल, कपड़े और सुसाइड नोट मिला है। प्रथम दृष्टया युवक ने ज़हर खाकर आत्महत्या की है।

फिलहाल युवक का शव एसएमएस अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके जयपुर पहुंचने के बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों से बात करने और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love