
उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय हालात और तेल-गैस बाजार में बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों की रसोई पर भी पड़ने लगा है। तेल कंपनियों ने घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। उदयपुर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 60 रुपए बढ़कर 944.50 रुपए हो गई है। इससे पहले यह सिलेंडर 884.50 रुपए में मिल रहा था।
बताया जा रहा है कि राजस्थान में घरेलू गैस सिलेंडर की सबसे अधिक कीमत फिलहाल उदयपुर में ही है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
अब 21 से 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग
तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार उपभोक्ता सिलेंडर की डिलीवरी के बाद 21 से 25 दिन के भीतर दोबारा बुकिंग नहीं करा सकेंगे।
उदाहरण के तौर पर यदि किसी उपभोक्ता ने 1 तारीख को सिलेंडर बुक किया और 2 तारीख को डिलीवरी मिल गई, तो वह अगली बुकिंग 21 या 25 दिन बाद ही कर सकेगा।
घबराने की जरूरत नहीं
उदयपुर की बाठेड़ा गैस एजेंसी के अमित भानावत का कहना है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही सिलेंडर की बुकिंग करें और जरूरत के अनुसार गैस का उपयोग करें।
उदयपुर में गैस सिलेंडर की नई दरें
सिलेंडर श्रेणी नई दर (रुपए) पुरानी दर (रुपए)
घरेलू गैस सिलेंडर 944.50 884.50
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1981 1866
कीमतों में बढ़ोतरी और बुकिंग नियम में बदलाव के कारण अब उपभोक्ताओं को रसोई गैस का उपयोग पहले से ज्यादा सावधानी से करना होगा।
