कार से 2 लाख की अवैध शराब बरामद, देलवाड़ा पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा

राजसमंद जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देलवाड़ा पुलिस ने एक कार से करीब 2 लाख रुपए की शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 272 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जो अलग-अलग ब्रांड की बताई जा रही है।

एसपी हेमन्त कलाल के निर्देश पर देलवाड़ा थाना प्रभारी भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी, औचक गश्त और संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में 9 अप्रैल की रात नेगडिया टोल नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान एक संदिग्ध अर्टिका कार (आरजे 27 यूसी 6605) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 24 कार्टन में भरी 272 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

कार में सवार तीनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे शराब के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर पुलिस ने शराब जब्त कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस मामले में शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां सप्लाई की जानी थी।

गिरफ्तार आरोपियों में नारायण लाल निवासी वली कला खजुरी थाना टीडी, हितेश सेवक निवासी सेक्टर 14 गोवर्धन विलास और मुकेश निवासी शिव नगर गोवर्धन विलास उदयपुर शामिल हैं।

Spread the love