पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
उदयपुर। उदयपुर शहर के अम्बामाता थाना क्षेत्र स्थित बड़ी इलाके में शनिवार रात एक रेस्टोरेंट के बाहर दो ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया, पत्थर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनकी स्कूटी में रखा सरकारी दस्तावेजों से भरा बैग भी चोरी कर ले गए। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पीड़ित नरेश कुमार, जो वर्तमान में लोसिंग पंचायत में पदस्थापित हैं, ने बड़गांव थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वह अपने सहकर्मी वीडीओ श्याम प्रताप सिंह के साथ दो जून की रात बड़ी क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। रेस्टोरेंट में उस वक्त बिल को लेकर संचालक और 4-5 युवकों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक युवक ने गाली-गलौच शुरू कर दी। जब अधिकारियों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख दोनों अधिकारी बाहर निकल आए, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और रेस्टोरेंट से बाहर निकलकर चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पत्थरों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल अधिकारियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जब वे लौटे तो पाया कि उनकी स्कूटी में रखा सरकारी दस्तावेजों से भरा बैग भी गायब था।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आईपीसी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेस्टोरेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना से प्रशासनिक अमले में रोष व्याप्त है। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों के संगठन भी सक्रिय हो गए हैं और प्रदेश सरकार से यह मांग की है कि हमलावरों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं।