आमने-सामने हुए दोनों दिग्गज, भाजपा विधायक ने जोड़ लिए हाथ

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बाहर बुधवार को राजनीति का एक दिलचस्प और चुटीला नजारा देखने को मिला, जब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में भाजपा के चर्चित विधायक बाल मुकुंदाचार्य को कानून का पाठ पढ़ा दिया। यह वाकया तब हुआ जब डोटासरा विधानसभा के बाहर मीडियाकर्मियों से मुखातिब हो रहे थे और उसी समय बाल मुकुंदाचार्य अपनी लग्जरी गाड़ी में सवार होकर वहां से निकले। गाड़ी के शीशों पर डार्क ब्लैक फिल्म देखकर डोटासरा खुद को रोक नहीं पाए और तंज कसते हुए बोले- ‘बाबा जी, आप ब्लैक शीशों में चल रहे हो, यह कानून का उल्लंघन है।’

डोटासरा का तंज सुनते ही बाबा की गाड़ी के ब्रेक लग गए। भाजपा विधायक ने बड़े ही सौम्य तरीके से हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर डोटासरा का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद बाल मुकुंदाचार्य गाड़ी से बाहर निकले और दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक हंसी-मजाक और गपशप का दौर चला। हालांकि, डोटासरा ने यह बात हंसी में कही थी, लेकिन इस छोटी सी घटना ने सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस को जन्म दे दिया है। वीडियो वायरल होते ही नेटिजन्स अब पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से ‘ऑपरेशन क्लीन’ चलाकर ऐसी सैकड़ों गाड़ियों के चालान काटे हैं और उन्हें सीज किया है, जिनके शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। अब जनता यह पूछ रही है कि क्या यातायात के नियम केवल आम आदमी के लिए हैं? सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि जब एक विधायक सरेआम काले शीशे वाली गाड़ी में विधानसभा जैसी जगह से निकल रहे हैं, तो वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। फिलहाल, यह ‘कटाक्ष’ राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है कि डोटासरा ने मुस्कुराते हुए ही सही, पर बाबा को नियम तो याद दिला ही दिए।

Spread the love