‘ब्लास्टिंग से घरों में दरार आई, पानी टपकने लगा’:ग्रामीण बोले- सीमेंट फैक्ट्री का कोई फायदा नहीं, परेशानी हो रही; किया प्रदर्शन

चित्तौड़गढ़ जिले के शंभूपुरा क्षेत्र में स्थित आदित्य अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन में युवाओं के साथ महिलाएं भी शामिल रहीं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए फैक्ट्री प्रबंधन पर स्थानीय लोगों की अनदेखी करने और क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए।

ग्रामीणों का कहना था कि फैक्ट्री से उन्हें किसी तरह का लाभ नहीं मिल रहा है, बल्कि उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लास्टिंग से घरों में दरारें

ग्रामीणों ने बताया कि आदित्य अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के माइंस में लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण आसपास के गांवों के घरों के दीवारों में दरारें पड़ती जा रही हैं। कई मकानों की दीवारें और छतें कमजोर हो चुकी हैं।

लोगों का कहना है कि हर ब्लास्टिंग के समय उन्हें डर लगता है कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए। बारिश के मौसम में इन दरारों के कारण पानी टपकता है, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ब्लास्टिंग से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए और जिन मकानों को नुकसान हुआ है, उनकी मरम्मत कराई जाए या उचित मुआवजा दिया जाए।

Spread the love