
भीलवाड़ा। अवैध संबंधों की आग में अंधी हुई एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ममता और मर्यादा का गला घोंट दिया। करेड़ा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘पति, पत्नी और वो’ के चक्कर में एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बड़ी ही बेरहमी से पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को खेत में कुएं के पास झाड़ियों में छिपा दिया। शातिर पत्नी इस पूरी वारदात के बाद मासूम बनकर पुलिस और परिवार को गुमराह करती रही, लेकिन खाकी की कड़ाई के आगे उसकी एक न चली और अब वह अपने प्रेमी के साथ सलाखों के पीछे है।
वारदात की शुरुआत 24 दिसंबर को हुई जब मृतक जगदीश कुमावत के पिता मांगीलाल ने थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जगदीश रात को खेत पर रखवाली करने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जब परिजन खेत पहुंचे तो वहां सड़क किनारे जगदीश की बाइक लावारिस हालत में मिली और पास ही झाड़ियों में उसका बेजान शरीर पड़ा था। पुलिस ने जब इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच शुरू की, तो शक की सुई जगदीश की पत्नी लक्ष्मी देवी पर जा टिकी। पुलिस को पता चला कि लक्ष्मी के गोपाल कुमावत नाम के युवक के साथ अवैध संबंध थे और जगदीश अक्सर इसका विरोध करता था, जो इन प्रेमियों की आंखों में खटकने लगा था।
जांच में खुलासा हुआ कि लक्ष्मी और गोपाल ने मिलकर जगदीश को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया था। योजना के मुताबिक, जब जगदीश खेत पर गया, तो वहां दोनों ने मिलकर उसे दबोच लिया और गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने लाश को ठिकाने लगाया और लक्ष्मी घर लौटकर ऐसी एक्टिंग करने लगी जैसे उसे कुछ पता ही न हो। थाना प्रभारी मुन्नी राम के नेतृत्व में गठित टीम ने जब साक्ष्य जुटाए और लक्ष्मी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी गोपाल को गिरफ्तार किया है।
