अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने किया हमला

पल पल राजस्थान

आसींद में एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने श्मशान घाट पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में करीब 60 लोग घायल हो गए, जिनमें से 9 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना सोमवार सुबह 10 बजे की है। जबरकिया गांव की पानी देवी जाट के अंतिम संस्कार के लिए लगभग 200-300 लोग श्मशान घाट पर एकत्र हुए थे। अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले ही पेड़ पर लगे छत्ते से मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ग्रामीण भैरु लाल गुर्जर के अनुसार, लोगों को मृतका की देह वहीं छोड़कर भागना पड़ा। कुछ लोग घास पर लेट गए, कुछ दीवार के पीछे छिप गए, जबकि कई लोगों को बचने के लिए लंबी दूरी तक दौड़ना पड़ा। इस हादसे में बुजुर्गों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। वे भागते समय गिरकर चोटिल भी हुए। घायल हेमराज जाट ने बताया कि कुछ लोगों को उल्टी आने की शिकायत हुई, तो कुछ के चेहरे सूज गए। घायलों में हरदेव जाट, सुखदेव जाट, छगना लाल जाट, भंवर लाल जाट, महादेव, पप्पू लाल, सम्पत लाल, रामकुंवर और पियूष जाट सहित कई लोग शामिल हैं। सभी घायलों को आसींद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मधुमक्खियों के शांत होने के बाद ही मृतका का अंतिम संस्कार किया जा सका। मधुमक्खियों के शांत होने के बाद गंभीर घायलों को आसींद अस्पताल में पहुंचाया गया। चिकित्सक ने उन्हें तुरंत उपचार दिया। कई अन्य लोग प्राइवेट अस्पताल में चले गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *