ASI महावीर सिंह ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी, प्रमोशन के बाद उठाया ये कदम

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार सुबह एक पुलिसकर्मी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। कोतवाली थाने में तैनात एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने अपने ही घर में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बता दें कि हाल ही महावीर सिंह का पुलिस विभाग में प्रमोशन हुआ था। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई। एएसआई महावीर सिंह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह और कोतवाली थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई गई ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को सुरक्षित रखा जा सके। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया।

कुछ दिन पहले ही हुआ था प्रमोशन

पुलिस के अनुसार महावीर सिंह हाल ही में हेड कॉन्स्टेबल से पदोन्नत होकर एएसआई बने थे और वर्तमान में कोतवाली थाने में ही तैनात थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह मानसिक तनाव में भी चल रहे थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ापुलिस कर रही है मामले की जांच

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

Spread the love