बेंगलुरु जेल का एक और VIDEO, कैदी डांस कर रहे:शराब पार्टी हो रही थी; पहले वीडियो में ISIS आतंकी जुहैब फोन इस्तेमाल करता दिखा था

बेंगलुरु की पराप्पना अग्रहरा सेंट्रल जेल का एक और VIDEO सामने आया है। इसमें कैदी गाना गाते, नाचते और पार्टी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी इस वीडियो की पुष्टि होना बाकी है।

55 मिनट के वायरल वीडियो की शुरुआत में शराब की 4 बोतलें खिड़की पर सजी हुई दिख रही हैं। आगे कुछ कैदी जमीन पर बैठकर बर्तनों को बजा रहे। 5-6 चिल्लाते हुए नाच रहे हैं।

वीडियो में डिस्पोजेबल गिलास में शराब, प्लेट में कटे फल और तली मूंगफली भी दिख रही हैं। आखिर में कई मोबाइल फोन और चार्जर भी नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो करीब एक हफ्ते पहले का बताया जा रहा है।

इससे पहले शनिवार को ही सामने आए पहले वीडियो में ISIS आतंकी जुहैब हमीद शकील मन्ना फोन इस्तेमाल करता दिख रहा था।

शकील को NIA ने 17 नवंबर 2021 को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था, उस पर युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती करने और फंड जुटाने का आरोप है।
AIG बोले- मामले की जांच हो रही

एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल (AIG) ऑफ प्रिजन्स पीवी आनंद रेड्डी ने कहा- इन कैदियों को मोबाइल फोन कैसे मिले। कौन जेल के अंदर लेकर गया, किसने इन्हें दिया, वीडियो कब रिकॉर्ड हुआ और मीडिया में कैसे लीक हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

पहले वीडियो में कैदी फोन चला रहे थे

शनिवार को सामने आए पहले वीडियो में कैदी जेल के अंदर फोन चलाते दिख रहे थे। उसमें ISIS आतंकी जुहैब के अलावा सीरियल किलर और रेपिस्ट उमेश रेड्डी को देखा जा सकता था। कुछ कैदी जेल के अंदर टीवी देखते भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, पहले वीडियो की भी पुष्टि होनी बाकी है।

Spread the love