मां की गोद में चिता पर सोया 3 साल का मासूम, एक साथ उठीं परिवार की 5 अर्थियां, जिसने देखा रोक न सका आंसू

पाली: नियति कितनी क्रूर हो सकती है, इसकी रूह कंपा देने वाली तस्वीर रविवार को पाली जिले के भावनगर (गुड़ा एंदला) गांव में देखने को मिली। जिस घर में दो दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, हंसी-ठिठोली का माहौल था, वहां आज सिर्फ चीखें और सिसकियां थीं। सड़क हादसे में काल का ग्रास बने एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जब एक साथ अर्थियां निकलीं, तो पूरे गांव का कलेजा फट सा गया। सबसे ज्यादा भावुक मंजर वह था, जब एक मां और उसके 3 साल के मासूम बेटे के शव को एक ही अर्थी पर लिटाया गया।

उजड़ गया कुमावत परिवार

अहमदाबाद में जनरल स्टोर चलाने वाले रामलाल कुमावत अपने परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने पैतृक गांव आए थे। खुशियां चरम पर थीं, 20 फरवरी को शादी कार्यक्रम में नाचते-गाते हुए किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात है। रात 2 बजे यह परिवार वैन से वापस अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ, लेकिन नियति ने कुछ और ही लिख रखा था। गुजरात के ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस एक झटके में परिवार की कई पीढ़ियां खत्म हो गई।

एक ही चिता पर मां-बेटे का अंतिम संस्कार

भावनगर गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा था, जिसे रह-रहकर परिजनों की चीखें चीर रही थीं। कोमल का पीहर और ससुराल महज 500 मीटर की दूरी पर है। जब कोमल और उसके बेटे आयुष की अर्थी उठी, तो पूरा गांव फफक पड़ा। कोमल और उसके मासूम आयुष को एक ही चिता पर मुखाग्नि दी गई। वहीं, दूसरी चिता पर रामलाल, उनके बेटे कैलाश और मां मथुरा देवी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अधूरा रह गया सफर, मातम में बदली विदाई

हादसे में छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज गुजरात के अस्पताल में चल रहा है। गांव के लोग स्तब्ध हैं कि जो परिवार कल तक शादी की रस्मों में व्यस्त था, आज उसका वजूद ही मिटने की कगार पर है। रामलाल के घर के दरवाजे अब कभी नहीं खुलेंगे, उनकी दुकान अब कभी नहीं सजेगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक छा गया।

दर्दनाक हादसे में इन लोगों ने गवाई जान

  • मथुरा देवी (70): परिवार की सबसे बुजुर्ग सदस्य।
  • रामलाल कुमावत (50): घर के मुखिया।
  • कैलाश (25): रामलाल का इकलौता बेटा।
  • कोमल (30): रामलाल की बेटी।
  • आयुष (3): कोमल का मासूम बेटा।
Spread the love