जयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान के सभी 309 शहरी निकायों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रदेश में निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 3 सितंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, निकाय प्रमुखों (मेयर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष) का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष, डिप्टी मेयर और उपसभापति के चुनाव 22 सितंबर को संपन्न होंगे। इसी दिन नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेश के सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता प्रभावी रहेगी। इस दौरान नए विकास कार्यों की घोषणाओं, उद्घाटन और शिलान्यास पर रोक रहेगी।
राजस्थान में कुल 309 शहरी निकायों में 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। इन निकायों में कुल 10,245 पार्षद पदों के लिए चुनाव होंगे। पहले पार्षदों का चुनाव कराया जाएगा, इसके बाद मेयर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्षों का निर्वाचन होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और प्रशासनिक अधिकारियों से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।
