पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने दी राष्ट्रपति भवन में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति

उदयपुर, 18 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक सोमवार को राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के कलाकारों द्वारा माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी समृद्ध लोक एवं जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विविधता की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलाकारों का माननीय राष्ट्रपति महोदया के साथ समूह छायाचित्र लिया गया। इस अवसर पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने माननीय राष्ट्रपति महोदया को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया।
केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि इसके पश्चात कलाकारों द्वारा ‘चतुरंग’ शीर्षक से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसमें विभिन्न राज्यों की लोक एवं जनजातीय परंपराओं तथा कलाओं का मनोहारी समन्वय देखने को मिला। इस प्रस्तुति की नृत्य संरचना दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निर्देशिका श्रीमती आस्था कारलेकर ने की। इस प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध विविधता से परिचित कराया। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से सिद्धांत भटनागर एवं निखिल वर्मा ने कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के उपरांत कलाकारों एवं अधिकारियों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज हेतु आमंत्रित किया गया। इस दौरान उन्हें राष्ट्रपति भवन की विभिन्न वीथियों, अशोक हॉल, ब्रह्मपुत्र हॉल एवं अमृत उद्यान सहित प्रमुख स्थलों का अवलोकन भी कराया गया।
राष्ट्रपति भवन जैसे गरिमामय एवं ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में सहभागिता करना पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों के लिए अत्यंत गौरव, सम्मान एवं अविस्मरणीय अनुभव का विषय रहा। इस अवसर ने कलाकारों को देश की समृद्ध लोक एवं जनजातीय सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का विशिष्ट अवसर प्रदान किया।

Spread the love