
Udaipur में गुरुवार देर रात अंबावगढ़ नई पुलिया पर एक बाइक में लगी आग ने पास खड़ी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब एक बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में वह आग की लपटों में घिर गई।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ने खतरा भांपते ही चलती बाइक से छलांग लगा दी। इसके बाद जलती हुई बाइक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गई। टक्कर के साथ ही कार में भी आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार ने हादसे से पहले चेतक स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था। आशंका जताई जा रही है कि पेट्रोल लीक या शॉर्ट सर्किट के कारण बाइक में आग लगी, जिसने बाद में कार को भी चपेट में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
