
उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित ढीकली में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार जीप ने ऐसा कहर बरपाया कि लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। बेकाबू थार सीधे एक मकान की दीवार चीरते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईंट-पत्थर बिखर गए और दीवार का बड़ा हिस्सा पूरी तरह ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसा ढीकली निवासी जमनालाल कुमावत के मकान के बाहर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आधी रात एक थार तेज रफ्तार में ढीकली रोड पर दौड़ रही थी। अचानक चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन सीधे घर की दीवार से जा टकराया। जोरदार धमाके से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक बेहद तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका है। हादसे के बाद जब लोग घरों से बाहर निकले, तो चालक अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वह अपनी क्षतिग्रस्त थार को मलबे के बीच छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी थार को जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह मलबा हटाने के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। पहले से ही ढीकली रोड पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में हादसे और मलबे के कारण लंबा जाम लग गया।
पुलिस अब वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
