लापता हरीश जोशी के मामले में विधायक दीप्ति माहेश्वरी का घेराव, पुलिस को मिला 24 घंटे का अल्टीमेटम

राजसमंद । राजसमंद जिले में धोइंदा निवासी युवक हरीश जोशी के लापता होने का मामला अब एक बड़े जनाक्रोश का रूप ले चुका है। पिछले सात दिनों पूर्व से युवक का कोई सुराग न लगने के कारण परिजनों और स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया है, जिसके चलते धरना स्थल पर माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। इसी बीच जब क्षेत्रीय भाजपा विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं, तो उन्हें जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

वहां मौजूद नाराज लोगों ने विधायक को घेरते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल दागे। लोगों का आरोप था कि नेता केवल छोटे-मोटे आयोजनों में फोटो खिंचवाने के लिए तुरंत पहुंच जाते हैं, लेकिन जब जनता किसी वास्तविक संकट से जूझ रही होती है, तो उनकी संवेदनशीलता नजर नहीं आती। भीड़ के तीखे तेवरों और खरी-खोटी के बीच विधायक दीप्ति माहेश्वरी काफी देर तक शांत रहकर लोगों की बातें सुनती रहीं और किसी भी प्रकार की बहस करने से बचती दिखीं।

हालात की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बात की और डीएसपी को स्पष्ट शब्दों में 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर लापता हरीश जोशी का पता नहीं लगाया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और आंदोलन उग्र रूप ले सकता है। विधायक ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले की खुद निगरानी करेंगी और जब तक युवक वापस नहीं मिल जाता, वह चैन से नहीं बैठेंगी। फिलहाल इस अल्टीमेटम के बाद पुलिस प्रशासन पर भारी दबाव है और पूरे जिले की नजरें अब आगामी 24 घंटों में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Spread the love