प्रतिभा, सेवा और संस्कार का संगम बना चौबीसा समाज का सम्मान समारोह

सलूंबर। मेवल–वागड़–छप्पन पेंशनर चौबीसा समाज संगठन की ओर से रविवार को सलूंबर स्थित गायत्री शक्ति पीठ धाम में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में समाज की मेधावी प्रतिभाओं, सरकारी सेवकों और वरिष्ठ पेंशनरों का एक साथ सम्मान कर सामाजिक एकजुटता और संस्कारों का संदेश दिया गया।
समारोह की अध्यक्षता सूर्यशंकर चौबीसा (वाडा, घोड़ियां) ने की। इस अवसर पर दसवीं और बारहवीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं, पिछले दो वर्षों में सरकारी नौकरी हासिल करने वाले समाज के युवाओं तथा राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि 75 वर्ष से अधिक आयु के छह वरिष्ठ पेंशनरों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गिर्वा और मेवाड़ क्षेत्र के पेंशनरों को आमंत्रित कर उनका भी सम्मान किया गया, जिससे आयोजन का दायरा और गरिमा दोनों बढ़े।
समारोह में समाज के भूमि एवं भवन निर्माण में योगदान देने वाले दानदाताओं का भी विशेष सम्मान किया गया। इनमें श्री प्रकाश जी छोटी वीरवा श्री निलकंठ जी बड़ी वीरवा श्री भंवर जी पचलासा तथा श्री भवानीशंकर जी वाड़ा (घोड़िया) शामिल रहे।
इस दौरान गोपीलाल जी ढूँडिया की ओर से एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। उन्होंने वर्ष 2026 में दसवीं एवं बारहवीं कक्षा में 91 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के छात्र–छात्राओं को 1100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की, जिसका उपस्थितजनों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
सांस्कृतिक रंग भरते हुए चुँडीयावाड़ा की कनिष्का चौबीसा ने “एक मीरा… एक राधा…” भजन की सुमधुर प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन शिवशंकर वनवासा ने सधे हुए अंदाज में किया।
समारोह में मेवल, वागड़ और छप्पन क्षेत्र से सरकारी सेवा में कार्यरत महिला–पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

Spread the love