जाना—पेंटिंग और डिजाइनिंग में भी है शानदार करियर

राजसमंद | समाचार सेवा किताबी ज्ञान के साथ-साथ हुनरमंद बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सियाणा के विद्यार्थियों ने मंगलवार को ‘नई जिंदगी फाउंडेशन’ का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण के दौरान कक्षा 9वीं और 10वीं के 72 छात्र-छात्राओं ने करियर के उन आधुनिक रास्तों को करीब से देखा, जो पारंपरिक पढ़ाई से हटकर उन्हें आत्मनिर्भर बना सकते हैं। विद्यार्थियों के साथ आए शिक्षकों ने भी इन कौशल प्रशिक्षणों को भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
डॉक्टर-इंजीनियर से आगे भी है दुनिया फाउंडेशन के मेंटर्स ने विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते हुए बताया कि आज के दौर में करियर सिर्फ डॉक्टर, इंजीनियर या वकील बनने तक सीमित नहीं है। राजेश जी ने मल्टी-स्किल ट्रेनिंग की बारीकियों को समझाते हुए बताया कि तकनीकी कौशल सीखकर युवा कम समय में बेहतर रोजगार पा सकते हैं। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य ही यही था कि ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी उन विकल्पों को जान सकें, जिनकी जानकारी अक्सर उनके पास नहीं होती।
कला और संस्कृति में छिपे हैं रोजगार के अवसर फाउंडेशन की उर्वशी जी ने विद्यार्थियों को कला और संस्कृति के आधुनिक स्वरूप से रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि ड्राइंग, पेंटिंग और पारंपरिक कलाएं अब केवल शौक नहीं, बल्कि ग्राफिक डिजाइनिंग, फैशन डिजाइनिंग और ज्वेलरी डिजाइनिंग जैसे बड़े करियर क्षेत्रों का आधार हैं। विद्यार्थियों को समझाया गया कि यदि वे अपनी रचनात्मकता को सही दिशा में प्रशिक्षण दें, तो कला के क्षेत्र में भी नाम और दाम दोनों कमाए जा सकते हैं।
जिज्ञासा के साथ पूछे सवाल भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने फाउंडेशन के प्रशिक्षकों से अपनी शंकाओं और करियर को लेकर कई सवाल पूछे। शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक होता है और वे भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनते हैं। इस अवसर पर फाउंडेशन के सभी प्रशिक्षक और मेंटर्स मौजूद रहे, जिन्होंने ट्रेनिंग मॉड्यूल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
