भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण अग्निकांड, मूंगफली बनी काल, जिंदा जला चालक


जोधपुर में ट्रक और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद धधकी आग, हाईवे पर 5 किमी लंबा जाम, NHAI की लापरवाही उजागर

जोधपुर | समाचार सेवा भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। रतन नगर और चंडालिया के बीच मूंगफली से भरे एक ट्रक और ट्रेलर के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने विकराल आग का रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन के भीतर ही जिंदा जल गया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक की नंबर प्लेट और चालक के दस्तावेज तक स्वाहा हो गए, जिससे मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है।

मूंगफली ने भड़काई आग की लपटें जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराया। ट्रक में लदी मूंगफली ने ईंधन का काम किया, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर बीकानेर से गुजरात की ओर मिट्टी लेकर जा रहा था, जबकि ट्रक पंजाब से गुजरात की तरफ अग्रसर था।

सिस्टम की खुली पोल: आधी अधूरी तैयारी के साथ पहुंची दमकल हादसे के बाद प्रशासन और NHAI की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद ओसियां से एकमात्र फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन उसमें भी पर्याप्त पानी नहीं था। आधे टैंक पानी के साथ पहुंची दमकल आग बुझाने में नाकाम रही। अंततः स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने ट्यूबवेल से ट्रैक्टरों के जरिए पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

5 किलोमीटर तक थमी रही रफ्तार हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर करीब 5-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों यात्री और मालवाहक वाहन घंटों फंसे रहे। ओसियां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े हाईवे पर NHAI की ओर से फायर फाइटिंग की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों के देरी से पहुंचने के कारण भी राहत कार्यों में बाधा आई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और मृतक चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Spread the love