कैंपस में लड़कियां पीती हैं दोस्तों संग शराब:पुलिस का खुलासा, पूछने पर कहतीं- इसमें गलत क्या? 

पंचकूला में बने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) के कैंपस को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इस कैंपस में पढ़ने वाली लड़कियां अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब और सिगरेट पीती हैं। ये खुलासा तब हुआ, जब हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम मंगलवार को कैंपस में छेड़छाड़ की एक शिकायत की सच्चाई जानने पहुंची।

महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया पुलिस से छात्राओं की सिक्योरिटी के बारे में बात कर रही थीं, तभी प्रोग्राम में मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने उनसे सवाल किया- ‘देर रात जब ये छात्राएं अपने लड़के दोस्तों के साथ शराब पी रही होती हैं तो उस समय क्या किया जाए? इसके बाद ये छात्राएं शराब के नशे में ही अपने हॉस्टल जाती हैं। अगर पुलिस उस समय इनसे कुछ कहती-पूछती है तो छात्राएं खुद को बालिग बताती हैं और अपने निजी जीवन में पुलिस के इस दखल पर एतराज जताती हैं। ऐसे में हम क्या करें?’

महिला पुलिसकर्मी का सवाल सुनकर पहले तो महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया हैरान रह गईं। फिर उन्होंने प्रोग्राम में ही मौजूद छात्राओं से इस बारे में पूछा तो 2 स्टूडेंट आगे आईं और कहा- ‘अगर हम अपने दोस्तों के साथ शराब-सिगरेट पीती हैं तो इसमें क्या गलत है?’

इस पर भाटिया ने छात्राओं को समझाते हुए कहा- बेटा, वे ऐसे में लिबर्टी लेते हैं। ऐसे ही हालात में आगे चलकर अपराध की घटनाएं होती हैं, जिसके बाद पुलिस और आयोग की जिम्मेदारी बन जाती है।

Spread the love