
आगरा – आगरा में 6 साल की बच्ची से गैंगरेप और हत्या के 2 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गई। पॉक्सो कोर्ट में 18 महीने की सुनवाई में 18 गवाहों की गवाही हुई। इसके बाद कोर्ट ने अपराध को जघन्य और घृणित माना। बुधवार को मासूम के रिश्ते के चाचा और उसके दोस्त को दोषी ठहराया। गुरुवार को दोनों को फांसी की सजा सुनाई। फैसला सुनते ही दोषी कोर्ट में रोते हुए माफी मांगने लगे।
डेढ़ साल पहले रिश्ते के चाचा और उसके दोस्त ने घर के बाहर खेल रही बच्ची का अपहरण किया था। इसके बाद परिवार से 6 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। गैंगरेप करके मासूम की निर्मम हत्या कर दी थी। मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट सोनिका चौधरी ने सजा सुनाई है। वहीं आरोपियों को फांसी की सजा होने पर कोर्ट के बाहर मौजूद बच्ची की मां रोने लगी।
अब जानिए पूरा मामला
18 मार्च 2024 को बाह थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेल रही बच्ची को उसके रिश्ते के चाचा अमित और उसका साथी निखिल बहला कर बाइक पर ले गया। दोनों ने उसके साथ गैंगरेप और कुकर्म किया था।
इस कदर दरिंदगी की थी कि उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। दोनों ने हत्या करके शव को कहीं छिपा दिया था। इसके बाद घर वाले बच्ची की तलाश करते। लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला।
