अहमदाबाद विमान हादसे में उदयपुर के चार लोगों की दर्दनाक मौत, शहर में पसरा मातम

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

उदयपुर। गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में हुए भीषण विमान हादसे ने उदयपुर शहर को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में शहर के प्रतिष्ठित मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के बेटे शुभ मोदी और बेटी शगुन मोदी सहित वल्लभनगर क्षेत्र के रूंडेड़ा गांव निवासी वरदीचंद मेनारिया और रोहिड़ा गांव के प्रकाश मेनारिया की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शुभ और शगुन लंदन घूमने जा रहे थे। दोनों भाई-बहन ने एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता संजीव मोदी के साथ पारिवारिक मार्बल व्यवसाय संभालना शुरू किया था। हादसे की सूचना मिलते ही उदयपुर के सहेली नगर स्थित मोदी निवास पर शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के साथ ही मोहल्लेवासी और रिश्तेदार बड़ी संख्या में वहां पहुंच रहे हैं। उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता भी खुद मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

हादसे में वल्लभनगर के रूंडेड़ा गांव निवासी वरदीचंद मेनारिया की भी जान चली गई। वरदीचंद एक माह पहले ही लंदन से भारत लौटे थे और अब पुनः काम पर लौट रहे थे। वे लंदन में शेफ का काम करते थे। अहमदाबाद में उन्हें उनकी पत्नी और बेटा दीपक छोड़ने पहुंचे थे, जो हादसे की जानकारी मिलने के बाद अभी वहीं मौजूद हैं। वरदीचंद के भाई भगवानलाल भी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।

इसी हादसे में रोहिड़ा गांव के प्रकाश मेनारिया भी शामिल थे। उनके बेटे लोकेश ने बताया कि वे भी लंदन में शेफ की नौकरी करते थे और अपने सहयोगी वरदीचंद के साथ साथ ही लंदन लौट रहे थे। प्रकाश मेनारिया 20 जनवरी को छुट्टी लेकर भारत आए थे। परिवार में हाल ही में 20 अप्रैल को उनके पिता का निधन हुआ था। अब इस हादसे ने पूरे परिवार को फिर से गहरे दुख में डुबो दिया है। प्रकाश के दो बेटे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही लोकेश और उनके दोस्त भी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।

इस हृदयविदारक हादसे ने उदयपुर शहर को स्तब्ध कर दिया है। चार-चार परिवारों की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। हादसे की पूरी जानकारी और विमान में हुई तकनीकी खामी की जांच का इंतजार किया जा रहा है। शहरवासियों की प्रार्थनाएं इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *