आठ दिन से लापता युवक का दर्दनाक अंत, देबारी में रेलवे ट्रैक पर मिला शव

उदयपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी घाटा वाला माताजी के पास मेघवालों की बस्ती के नजदीक रेलवे ट्रैक पर रविवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लोकेश ब्राह्मण (22) के रूप में हुई है, जो पिछले आठ दिनों से घर से लापता था।

पुलिस के अनुसार रविवार अपराह्न करीब चार बजे रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची प्रतापनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। ट्रेन की चपेट में आने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था।

सोमवार सुबह मृतक की पहचान के प्रयास किए गए। युवक के पहने हुए कपड़ों के आधार पर दुर्गाशंकर लालावत ब्राह्मण ने उसकी पहचान अपने बेटे लोकेश के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि लोकेश पिछले आठ दिनों से घर से लापता था और मानसिक अवसाद से गुजर रहा था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।

बेटे की पहचान होने के बाद पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love