उदयपुर में आधी रात सड़क किनारे रोती मिली दार्जिलिंग की युवती, बोली- “मुझे फंसाया गया है”

उदयपुर। शहर में सोमवार देर रात एक युवती के सड़क किनारे अकेले और रोते हुए मिलने का मामला सामने आया है। युवती खुद को दार्जिलिंग निवासी बता रही है। उसकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे रेती स्टैंड के पास युवती अकेली बैठी हुई रो रही थी। वह काफी घबराई हुई नजर आ रही थी और ठीक से अपनी बात नहीं बता पा रही थी। निजी बस ऑपरेटर और कुछ जागरूक लोगों ने युवती को अपने पास बैठाया और उसे शांत करने का प्रयास किया।

सूचना मिलने के बाद सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती से बातचीत कर यह जानने की कोशिश की कि वह उदयपुर कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ। हालांकि, उस समय युवती इतनी परेशान थी कि वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी।

युवती की पहचान चामिता तमांग, पिता रमेश तमांग, निवासी दार्जिलिंग के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह बार-बार रोते हुए “शिवम से माफी मांगनी है” कह रही थी। इसके साथ ही उसने कथित तौर पर “मुझे फंसाया गया है” भी कहा।

पुलिस ने युवती को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फिलहाल उसे एक होटल में रुकवाया गया है। पुलिस अब युवती से पूरी जानकारी लेने के साथ उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर दार्जिलिंग की रहने वाली यह युवती उदयपुर कैसे पहुंची? वह रात के समय अकेली सड़क किनारे क्यों मिली? उसके साथ रास्ते में क्या हुआ? और आखिर वह किस मामले में खुद को फंसाए जाने की बात कह रही है?

फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस युवती के बयान और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती के परिवार से संपर्क होने और उसका विस्तृत बयान सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love