राजसमंद। कांकरोली थाना क्षेत्र के बांडियावाड़ा में हनुमान जी मंदिर के पास एक घर में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में रहने और परिवार के साथ घुलने-मिलने का नाटक किया। इसके बाद उसने पाइनएप्पल जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर महाराज और उनके परिवार के सदस्यों को पिला दिया।
बताया जा रहा है कि जूस पीने के बाद परिवार के लोग गहरी नींद में चले गए। इसी दौरान रात करीब 2 बजे आरोपी ने महाराज की पत्नी के जेवर खोलने का प्रयास किया। इसी बीच परिवार का एक बच्चा जाग गया। बच्चे के जागने पर आरोपी ने पानी पीने का बहाना बनाया और वहां से चला गया।
आरोप है कि इसके बाद रात करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचा और भवरदास महाराज के हाथों की कड़ियां तथा कुछ नकदी रुपये चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद परिवार को चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया।

वहीं, नशीला पदार्थ दिए जाने के प्रभाव के चलते भवरदास महाराज की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया है कि उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। उनका इलाज आर.के. चिकित्सालय, राजसमंद में जारी है।
परिवार की बच्चियों ने भी बताया कि रात में अज्ञात व्यक्ति ने सभी को पाइनएप्पल जूस पिलाया था। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। घटना की सूचना मिलने पर कांकरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी कर फरार हुए संदिग्ध की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी ने परिवार का भरोसा कैसे जीता, जूस में किस पदार्थ का इस्तेमाल किया गया और चोरी की पूरी वारदात किस तरह अंजाम दी गई—इन सभी पहलुओं को लेकर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
