उदयपुर में अनोखा चुनावी प्रण, जीत के बाद पहनाए जूते

उदयपुर। वार्ड 64 में चुनावी जीत के बाद भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सोलंकी के अनोखे प्रण की चर्चा हो रही है। चुनाव के दौरान दिनेश सोलंकी ने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा प्रत्याशी चुनाव नहीं जीतेंगे, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे और नंगे पैर रहेंगे।

चुनाव परिणाम में भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद दिनेश सोलंकी का संकल्प पूरा हुआ। इसके बाद बेडवास स्थित कुंवारी भोपीमां मंदिर परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने अपने हाथों से दिनेश सोलंकी को जूते पहनाकर उनका प्रण पूरा कराया।

जिस मंदिर परिसर में दिनेश ने चुनाव के दौरान नंगे पैर रहने का संकल्प लिया था, उसी स्थान पर जीत के बाद उन्हें जूते पहनाए गए। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं में भी इस अनोखे अंदाज को लेकर उत्साह नजर आया।


दिनेश सोलंकी का कहना है कि उन्होंने चुनाव के दौरान मन में यह संकल्प लिया था और प्रत्याशी की जीत के साथ अब उन्होंने अपना प्रण पूरा कर लिया है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच यह प्रसंग चर्चा का विषय बना रहा।

Spread the love