उदयपुर में 10 दिवसीय भव्य रामलीला का आयोजन, वृंदावन के 40 कलाकार करेंगे श्रीराम कथा का मंचन

उदयपुर। शहर में आगामी 9 से 18 अक्टूबर तक 10 दिवसीय भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन निम्बार्क कॉलेज परिसर में प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से रात 10 बजे तक होगा। रामलीला में वृंदावन से आए 40 कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेंगे।

आयोजन से जुड़े धर्म नारायण जोशी ने बताया कि वृंदावन की यह रामलीला मंडली देश के विभिन्न हिस्सों में रामलीला का मंचन करती है। दिल्ली, जयपुर सहित हाल ही में जोधपुर में भी इनके कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। कलाकारों की यह टीम वर्षों से भगवान श्रीराम की कथा को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए 10 दिनों तक भगवान श्रीराम के संपूर्ण जीवन चरित्र का मंचन और कथा के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।

आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का आह्वान किया है।

Spread the love