उदयपुर में सड़क के बीचों-बीच बना ट्री हाउस, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

उदयपुर। शहर में आयड़ से शोभागपुरा जाने वाली सड़क पर डिवाइडर के बीचों-बीच पेड़ के ऊपर बनाया गया एक ट्री हाउस इन दिनों हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है। सड़क के बीच बने इस ट्री हाउस में वीडियो बनाते समय 3 से 4 बच्चे मौजूद दिखाई दिए।

स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में बच्चे ट्री हाउस पर चढ़ते और उससे नीचे उतरते नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ा खतरा यह है कि ट्री हाउस सड़क के डिवाइडर के बीच बना हुआ है और इसके आसपास लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में अगर कोई बच्चा उतरते या चढ़ते समय जरा-सी भी सावधानी चूक जाए तो वह सीधे सड़क पर गिर सकता है और किसी तेज रफ्तार कार या अन्य वाहन की चपेट में आ सकता है।

ट्री हाउस की ऊंचाई और सड़क की स्थिति को देखते हुए बच्चों के लिए यहां सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आता। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर सड़क के डिवाइडर पर इस तरह का निर्माण कैसे हुआ और इसकी जानकारी संबंधित विभाग या नगर निगम को है या नहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यहां बच्चों का आना-जाना लगातार बना रहता है तो किसी गंभीर हादसे से पहले प्रशासन को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं रात के समय इस ट्री हाउस का इस्तेमाल रहने या सोने के लिए तो नहीं किया जा रहा। हालांकि, इसकी पुष्टि मौके की जांच के बाद ही हो सकेगी।

Spread the love